Saturday, June 21News That You Want to Read

संघ प्रदेश के दमण में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती के उपलक्ष्य पर ‘जय भीम पदयात्रा’ सम्पन्न

संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव के माननीय प्रशासक श्री प्रफुल पटेल जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तथा खेल एवं युवा मामले के सचिव डॉ. अरुण टी के निेर्देशानुसार और खेलकूद निदेशक अरूण गुप्ता के सहयोग से संघ प्रदेश के दमन जिले में लाइट हाउस, मोती दमण से मोती दमण किले से प्रवेग रिज़ॉर्ट से लाइट हाउस तक डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती के अवसर पर ‘जय भीम पदयात्रा’ का आयोजन किया गया।

भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा भारत के संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देश भर में वर्ष भर चलने वाली पदयात्राओं की एक विशेष श्रृंखला प्रारंभ की गई है। इन पदयात्राओं का उद्देश्य देश की समृद्ध विरासत का उत्सव मनाना, युवाओं को प्रेरित करना, और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। अब तक देश के 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 8 सफल पदयात्राओं का आयोजन किया जा चुका है। यह पहल माय भारत स्वयंसेवकों, नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कॉर्पस् और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सक्रिय सहयोग से संचालित हो रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत में माननीय प्रशासक के सलाहकार अमित सिंगला, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग के सचिव डॉ. अरुण टी और निदेशक अरुण गुप्ता ने डॉ. बी. आर. अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात, निदेशक अरुण गुप्ता ने सभी युवाओं को भारतीय संविधान की उद्देशिका का पाठन करवाया। बाल भवन बोर्ड के द्वारा अंबेडकर जी के विचारों को देशभक्ति नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित “जय भीम पदयात्रा” में 450 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग कर लोगों को जागरूक किया।

डॉ. भीमराव अंबेडकर भारत के संविधान के मुख्य निर्माता थे। वे एक महान समाज सुधारक, कानून के जानकार, अर्थशास्त्री और विचारक थे। उन्होंने अपने जीवन में हमेशा छुआछूत, जाति भेदभाव और समाज में फैली असमानता के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने दलितों और कमजोर वर्गों को शिक्षा, अधिकार और आत्मसम्मान पाने की दिशा में काम किया। उनके विचार आज भी करोड़ों लोगों को इंसाफ, समानता और भाईचारे की राह दिखाते हैं। इन्हीं आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती के उपलक्ष्य में, संघ प्रदेश के युवा मामले एवं खेल विभाग और माय भारत द्वारा 13 अप्रैल, 2025 को ‘जय भीम पदयात्रा’ आयोजित की गई।
इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक राजेश हलपति और शिक्षकगण की उपस्थिति रही। इस कार्यक्रम को सफल आयोजन में खेल एवं युवा विभाग के अधिकारी अक्षय कोटलवार, देवराज सिंह राठोड़, नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा आधिकारी अनुपम कैथवास, एवं बाल भवन बोर्ड के अधिकारी मनोज गोस्वामी की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन राजेश टंडेल द्वारा किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *