वलसाड जिले के वापी GIDC निवासी स्व. गोपालदास हरकिसंदास पारेख ने देहदान के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। दिनांक 1 जुलाई 2025 को शाम 5:00 बजे उनके पार्थिव शरीर को उनके सुपुत्र अशोक गोपालदास पारेख द्वारा नमो मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, सिलवासा को समर्पित किया गया।
यह निःस्वार्थ कार्य चिकित्सा के विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना को गहराई से समझने और जीवन रक्षक सेवाओं में दक्षता प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस पुण्य कार्य के अवसर पर प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं परोपकारी व्यक्तित्व पद्मश्री गफूरभाई एम. बिलाखिया की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और प्रेरणादायक बनाया।
समारोह में नमो मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के विद्यार्थी, शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के सलाहकार, चिकित्सा शिक्षा के सीईओ डॉ. वी. के. दास, कॉलेज के डीन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
लायन्स क्लब, वापी के जे. आर. शाह ने इस प्रक्रिया में पारेख परिवार के साथ समन्वय स्थापित कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गोपालदास पारेख का यह महान कार्य मानवता की सेवा में एक अमर उदाहरण बनकर उभरा है।
नमो मेडिकल संस्थान और संपूर्ण स्वास्थ्य विभाग पारेख परिवार के इस उदात्त निर्णय को कोटि-कोटि नमन करता है।
![]()




