Saturday, February 14News That You Want to Read

गुजरात बनेगा AI-सक्षम शासन का सिरमौर: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने AI क्रियान्वयन एक्शन प्लान को दी मंज़ूरी!

गांधीनगर, 26 जुलाई: गुजरात सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य को देश का AI-इनेबल्ड गवर्नेंस लीडर बनाने के उद्देश्य से ‘एक्शन प्लान फॉर इम्प्लीमेंटेशन ऑफ AI (2025-2030)’ को अपनी मंजूरी दे दी है। यह पंचवर्षीय दृष्टिकोण ‘विकसित गुजरात@2047’ के लिए एक डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन स्ट्रेटेजी के रूप में कार्य करेगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की AI सेक्टर में भारत को वैश्विक नेतृत्व के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता के अनुरूप, गुजरात का यह एक्शन प्लान राज्य सरकार को अत्याधुनिक AI क्षमताओं से लैस करेगा। इसका लक्ष्य शासन व्यवस्था में स्मार्ट निर्णय लेना, नागरिक-उन्मुखी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करना, सेवा वितरण प्रणाली को तेज और प्रभावी बनाना और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने नवंबर 2024 में सोमनाथ में आयोजित वार्षिक चिंतन शिविर में ही AI के व्यापक उपयोग की घोषणा की थी, ताकि गुजरात टेक्नोलॉजी-ड्रिवन गवर्नेंस और सामाजिक-आर्थिक विकास में अग्रणी बन सके। इस विज़न को साकार करने के लिए एक 10-सदस्यीय विशेषज्ञ AI टास्कफोर्स समिति का गठन किया गया था, जिसकी सिफारिशों के आधार पर यह एक्शन प्लान तैयार किया गया है।

यह एक्शन प्लान छह मुख्य स्तंभों पर केंद्रित है, जो AI के सुरक्षित, प्रभावी और समावेशी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेंगे:

  • डेटा: AI विकास के लिए एक सुरक्षित, इंटरऑपरेबल और नियामक-अनुरूप डेटा इकोसिस्टम बनाया जाएगा।
  • डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर: टियर-2 और टियर-3 शहरों में AI फैक्ट्रियों की स्थापना होगी, साथ ही GPU और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार किया जाएगा।
  • कैपेसिटी बिल्डिंग: 2.5 लाख से अधिक व्यक्तियों (विद्यार्थियों, MSME तथा सरकारी अधिकारियों सहित) को AI, मशीन लर्निंग (ML) और संबंधित डोमेन में प्रशिक्षित किया जाएगा।
  • रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) तथा यूज़ केसेज: विभिन्न विभागों की जरूरतों के अनुरूप विशिष्ट AI सॉल्यूशंस और एप्लीकेशंस विकसित करने के लिए शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
  • स्टार्टअप सुविधा: डीप टेक स्टार्टअप्स को इनक्यूबेशन, मार्गदर्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर क्रेडिट्स और सीड फंडिंग के माध्यम से पूर्ण सहयोग मिलेगा।
  • सुरक्षित व विश्वसनीय AI: ऑडिट, दिशानिर्देशों और AI रिस्क प्रोटोकॉल के जरिए एक सुरक्षित AI रणनीति सुनिश्चित की जाएगी।

AI और डीप टेक मिशन: क्रियान्वयन का इंजन

इस एक्शन प्लान के सुव्यवस्थित और समय पर क्रियान्वयन के लिए राज्य द्वारा एक समर्पित AI तथा डीप टेक मिशन की स्थापना की जाएगी। यह मिशन राज्य सरकार में AI रणनीतियों और उभरती टेक्नोलॉजी के लिए डिजाइन, क्रियान्वयन एवं इनोवेशन में नेतृत्वकर्ता के रूप में कार्य करेगा। यह मिशन स्टार्टअप्स, शैक्षणिक शोध-अनुसंधान और उद्योगों के सहयोग से एक मजबूत इकोसिस्टम को भी बल देगा, और AI तथा उससे संबद्ध टेक्नोलॉजीज में वर्कफोर्स की स्किलिंग, री-स्किलिंग और अपस्किलिंग पर विशेष ध्यान केंद्रित करेगा।

गुजरात ने पहले से ही AI के क्षेत्र में कई नवाचार किए हैं, जिनमें गिफ्ट सिटी का AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, AI इनोवेशन चैलेंज, हाई परफॉर्मेंस GPU इंफ्रास्ट्रक्चर, AI ट्रेनिंग और वर्कशॉप, तथा लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) के लिए स्वदेशी एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट शामिल हैं।

यह नया एक्शन प्लान गुजरात में डिजिटल गवर्नेंस का एक और मील का पत्थर साबित होगा और राज्य को एक AI-संचालित, भविष्य के लिए तैयार अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। यह ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ‘विकसित गुजरात@2047’ के निर्माण में सहायक होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *